लखनऊ, 14 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में समीकरण बदलते हुए दिखाई दे रहे हैं। बुधवार को जारी मतगणना में समाजवादी पार्टी (सपा) दोनों ही सीटों पर आगे चल रही है।
गोरखपुर सीट पर पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और फूलपूर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कब्जा था।
गोरखपुर से सपा उम्मीदवार प्रवीण निषाद अपने करीबी प्रतिद्वंदी और भाजपा उम्मीदवार उपेंद्र दत्त शुक्ला से 1,500 से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं। भाजपा इस सीट पर सात बार कब्जा जमा चुकी है।
इससे पहले, जिला अधिकारी राजीव रौतेला ने मतगणना केंद्रों पर पत्रकारों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी और पहले चरण के बाद वोटों की संख्या को जारी नहीं किया गया था।
राजनीतिक दलों और मीडिया के विरोध के बाद रौतेला ने कई चरणों की गणना हो जाने के बाद उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी।
फूलपूर में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार नागेंद्र सिंह पटेल नौ चरणों की गणना के बाद भाजपा के कौशलेंद्र सिंह पटेल पर 10 हजार मतों की अपराजेय बढ़त बना चुके हैं।
सपा को यहां 99,557 और भाजपा को 87,326 वोट मिले हैं।
माफिया डॉन से राजनेता बने अतीक अहमद जेल के अंदर से ही निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। नौ चरणों की गणना के बाद उन्हें 13,737 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस के मनीष मिश्रा को 4,443 मत ही प्राप्त हुए हैं।
बहुजन समाज पार्टी उपचुनाव में सपा को समर्थन दे रही है।
dharmpath.com dharmpath