मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। देश के अग्रणी उद्यमी गौतम हरि सिंहानिया ने मोटरस्पोर्ट्स में नया रिकॉर्ड कायम किया है। गौतम फेरारी चैम्पियनशिप-2015 में चौथा स्थान हासिल करने वाले भारत के पहले चालक बन गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सुपर कार क्लब के संस्थापक गौतम ने इटली के मुगेलो में रविवार को हुए चैम्पियनशिप के ग्रैंड फिनाले में यह उपलब्धि हासिल की। चैम्पियनशिप के तहत पूरे वर्ष सात चरणों में 14 रेसें आयोजित की गईं।
कोप्पा सेल श्रेणी में हिस्सा लेने वाले गौतम ने ओवरऑल स्टैंडिंग में 171 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और इस दौरान उनका एक लैप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1:56.119 सेकेंड का रहा।
गौतम ने भारतीय मोटर स्पोर्ट्स क्लब महासंघ (एफएमएससीआई) की ओर से चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया।
रेस के बाद गौतम ने कहा, “वर्ल्ड फाइनल्स का चौथे स्थान के साथ समापन कर मैं बेहद खुश हूं। पूरे वर्ष की गई कठिन मेहनत सफल हुई और मैं अपने पहले ही सत्र की ओवरऑल स्टैंडिंग में दूसरा स्थान हासिल करने में सफल रहा।”
पूर्व फॉर्मूला-1 चैम्पियन आंद्रीया मोटेरमिनी पूरे वर्ष गौतम के कोच रहे।
dharmpath.com dharmpath