पेरिस, 27 जनवरी (आईएएनएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने न्याय मंत्री क्रिस्टियाने तॉबिरा का इस्तीफा मंजूर कर लिया है।
राष्ट्रपति कार्यालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के अनुसार, तॉबिरा का इस्तीफा उस संवैधानिक सुधार पर संसदीय बहस से पहले आया है, जिसमें कुछ खास परिस्थितियों में आतंकवाद के दोषी से फ्रांस की नागरिकता छीने जाने का प्रावधान है।
माना जा रहा है कि तॉबिरा इस प्रावधान से सहमत नहीं हैं। इस्तीफे के कुछ मिनट बाद उन्होंने ट्वीट में कहा, “कभी-कभी प्रतिरोध के लिए रुकना होता है और कभी-कभी छोड़ (पद को) देना प्रतिरोध हो जाता है।”
राष्ट्रपति कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने तॉबिरा को उनके काम के लिए सराहा है। राष्ट्रपति ने जीन-जैक्स उरवोआस को नया न्याय मंत्री नियुक्त किया है।
dharmpath.com dharmpath