फ्रांस हमले में भारतीयों के हताहत होने की सूचना नहीं (लीड-1)

नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि फ्रांस के नीस शहर में हुए आतंकवादी हमले में कोई भारतीय हताहत नहीं हुआ है।

पेरिस में भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर +33-1-40507070 शुरू किया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर बताया, “पेरिस में हमारे राजदूत नीस में भारतीय समुदाय के संपर्क में हैं। अभी तक इस हमले में किसी भी भारतीय के प्रभावित होने की सूचना नहीं है। पेरिस में हमारे दूतावास ने +33-1-40507070 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।”

नीस में बास्टिल डे के जश्न के दौरान आतिशबाजी देखने उमड़ी भीड़ के बीच शख्स एक ट्रक लेकर जा घुसा, जो भीड़ को कुचलता हुआ चला गया।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने इसे आतंकवादी घटना करार दिया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक टीवी चैनल से कहा, “हम हमले की निंदा करते हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अभी तक इस घटना में किसी भारतीय के हताहत होने की सूचना नहीं है।”

उन्होंने कहा, “नीस में लगभग 1,500 भारतीय रहते हैं। यह बहुत ही लोकप्रिय अवकाश स्थल भी है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान कई भारतीय फ्रांस की यात्रा पर गए हैं और इनमें से कुछ नीस में हो सकते हैं।”

उन्होंने कहा, “इसलिए हमारे राजदूत ने सावधानी बरतते हुए कहा है कि अभी इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी।”

यह पूछे जाने पर कि क्या नीस में भारत का वाणिज्य दूतावास है, स्वरूप ने कहा, “नीस में हमारा वाणिज्य दूतावास नहीं है, लेकिन हमारे राजदूत और भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं।”

उन्होंने कहा, “हमें स्थानीय प्रशासन के सहयोग और समर्थन पर निर्भर रहना होगा। फ्रांस प्रशासन इस स्थिति से पिनटने में सक्षम है।”

स्वरूप ने कहा, “हमारा इस स्थिति से निपटने के लिए फ्रांस की सुरक्षा एजेंसियों पर पूरा विश्वास है।”

उन्होंने कहा, “हम फ्रांस में अपने भाइयों और बहनों के साथ हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493