कोलकाता, 2 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) की एक इमारत गुरुवार तड़के देसी बम विस्फोट से ढह गई।
बीरभूम जिला पुलिस प्रमुख मुकेश ने आईएएनएस से कहा, “विस्फोट से लोकपुर में आंगनबाड़ी की एक इमारत ढह गई। भवन के एक हिस्से को नुकसान हुआ, फिर छत में छेद हो गया और इमारत ढह गई। घटना में कोई घायल नहीं हुआ क्योंकि इमारत में कोई मौजूद नहीं था।”
स्थानीय लोगों ने कहा कि विस्फोट रात 1.30 बजे से 2.00 बजे के बीच हुआ।
मुकेश ने कहा कि विस्फोट के मलबों को इकट्ठा कर लिया गया है और मामली की जांच जारी है।
उन्होंने कहा, “यह कहना मुश्किल है कि कितने देसी बम फटे। ऐसा लगता है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उन्हें वहां छोड़ दिया था। बम के अवशेषों को जांच के लिए एकत्रित कर लिया गया है।”
dharmpath.com dharmpath