सिलीगुड़ी, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भूकंप का केंद्र नेपाल में होने का असर शनिवार को पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से पर भी देखा गया। राज्य में भूकंप से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य के घायल होने की खबर है।
दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी इलाके में दो लोगों की मौत हुई है।
पुलिस उपायुक्त ओ.जी. पाल ने बताया, “सिलीगुड़ी में दीवार गिरने से 35 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि नक्सलबाड़ी में इमारत का एक हिस्सा ढह जाने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई।”
सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग कालिमपोंग और कुर्सेयांग में करीब 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दार्जिलिंग के जिलाधिकारी पुनीत यादव ने बताया, “भूकंप में कई इमारतें प्रभावित हुई हैं, बिजली तथा टेलीफोन के खंभे उखड़ गए हैं और सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।”
उत्तर बंगाल के 19 नगर पालिकाओं में शनिवार को चल रहा मतदान रोक दिया गया, क्योंकि भूकंप को लेकर लोग दहशत में थे।
कोलकाता में भी लोग झटके महसूस करने के बाद लोग ऊंची इमारतों से बाहर आ गए। मेट्रो सेवा भी प्रभावित हुई और कई स्टेशनों को खाली करा दिया गया।
शहर और उपनगरीय इलाके में कई लोग अपने घरों से निकल आए। कोलकाता की कुछ पुरानी इमारतों में दरारें पड़ गईं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया, “हम बंगाल विशेषकर दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी के हालात पर पैनी नजर रखे हुए हैं। हमने आपदा प्रबंध की टीम और अन्य से बात की है।”
dharmpath.com dharmpath