बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले का सुराग नहीं

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में एक चार वर्षीय बच्ची के साथ घटी दुष्कर्म की घटना के दो दिन बाद भी पुलिस को आरोपी के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस अब भी इसी इंतजार में है कि शायद बच्ची ही अपने हमलावर का कोई सुराग दे दे।

उत्तरी दिल्ली के केशवपुरम इलाके में शुक्रवार शाम सात बजे बच्ची को किसी राहगीर ने रेलवे ट्रैक के नजदीक खून से लथपथ हालत में देखा था।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हमने यौन बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम(पोस्को) की धारा के तहत मामला दर्ज किया है और गुनहगार की तलाश जारी है।”

अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है और उन्हें उम्मीद है कि असली मुजरिम को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अधिकारी के मुताबिक, “अगर बच्ची हमें आरोपी के बारे में कुछ जानकारी दे दे तो हम उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लेंगे।”

पुलिस ने कहा, “बच्ची को तुरंत ही महावीर अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।”

इस बीच दिल्ली महिला आयोग(डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने अस्पताल जाकर बच्ची का हालचाल लिया।

मालीवाल ने ट्वीट किया, “मैं बच्ची से मिली, उसकी स्थिति बयान नहीं की जा सकती। उसके माता-पिता बेहद गरीब हैं। दिल्ली में ऐसे जघन्य अपराध कब रुकेंगे।”

मालीवाल ने लिखा, “2014 में महिलाओं के प्रति अपराध के मामले में केवल नौ आरोपियों को दोषी करार दिया गया। तभी तो दिल्ली में किसी को डर नहीं है।”

सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ए. के. राय के मुताबिक, “बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है। वह अभी भी तकलीफ में है, लेकिन खतरे से बाहर है।”

राय ने बताया कि बच्ची को शुक्रवार रात करीब आठ बजे सफदरजंग अस्पताल में लाया गया था।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, उसी समय वह गायब हो गई। उसके पिता पेंटर हैं।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “पीड़िता के परिवार ने पुलिस से तब संपर्क किया, जब वे उसे ढूंढ़ने में नाकामयाब रहे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493