नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बुधवार को संसद में आम बजट 2017-18 पेश करने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बजट का मुख्य उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था की गति को बढ़ाना तथा अर्थव्यवस्था और राजनीति को साफ सुथरा करना है।
जेटली ने ईमानदार करदाताओं को लाभ पहुंचाने, अधिक से अधिक लोगों को कर के दायरे में लाने के अलावा आय के बावजूद कर न देने वालों के खिलाफ सख्ती की बात भी कही।
जेटली ने कहा, “जिस दिशा में हम पिछले कुछ वर्षो से जा रहे हैं, उसे बरकरार रखना और मजबूत करना है। हमने सरकार की सफल योजनाओं के बजट में बढ़ोतरी की है। स्वच्छ भारत के तहत शौचालय उपलब्ध कराना, ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी हटाने की दृष्टि से मनरेगा पर ज्यादा खर्च किया गया है।”
ग्रामीण क्षेत्रों पर सरकार के विशेष फोकस का उल्लेख करते हुए जेटली ने कहा, “अनौपचारिक क्षेत्रों से दबाव कम करने के उद्देश्य से हमने ग्रामीण क्षेत्रों पर बड़ा खर्च किया है।”
काले धन के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की बात करते हुए जेटली ने कहा, “जितने भी कदम हम उठा रहे हैं, उसका उद्देश्य लोगों को ज्यादा से ज्यादा कर चुकाने को प्रेरित करना है। इसके अलावा ईमानदारी से कर चुकाने वालों को सुविधा देना भी हमारा उद्देश्य है।”
dharmpath.com dharmpath