संगीत की धुनों से गूंजेगी उदयपुर नगरी

नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। झीलों की नगरी उदयपुर में विश्व संगीत महोत्सव 2017 का आगाज अधिक धमाकेदार रहने वाला है। महोत्सव में विभिन्न देशों के कलाकारों, विभिन्न संस्कृतियों का मेल-जेल होगा।

इस महोत्सव के दूसरे संस्करण में ब्रिटेन, इटली, दक्षिण अफ्रीका, सेनेगल, कनाडा, आर्मेनिया, तुर्की, मैकडोनिया, मोजाम्बिक, नॉर्वे, ईरान, क्यूबा और स्विट्जरलैंड सहित 16 देशों के 150 कलाकार हिस्सा लेंगे। इस महोत्सव में लंदन कम्युनिटी गोस्पेल कॉयर और ‘नियाज’ जैसे बैंड पहली बार अपने संगीत का लोहा मनवाएंगे।

इन कार्यक्रमों का आयोजन उदयपुर के विभिन्न स्थानों पर 10 फरवरी से 12 फरवरी तक किया जाएगा। इस बार भारत की ओर से कैलाश खेर एंड कैलासा, स्वारात्मा और ध्रुव वोयेज का गीत-संगीत भारत की संस्कृति के साथ-साथ विदेशी संगीत का तड़का लगाएंगे तो मोनेस्वेजी, परवाज, हॉटवाटर जैसे विदेशी बैंड झूमने को मजबूर कर देंगे।

दिल्ली में मंगलवार को इस महोत्सव की पहली झलकी दिखाई गई जिसमें संगीतकार मंता सिद्धू की प्रस्तुति ने भावविभोर कर दिया।

इस महोत्सव के निदेशक संजीव भार्गव ने आईएएनएस को बताया, “हमने इस महोत्सव के लिए खासी मेहनत की है। पिछली बार के कार्यक्रम में 25,000 लोगों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी लेकिन हमें इस बार इससे अधिक लोगों के आने की उम्मीद है। आज का यह कार्यक्रम केवल पहली झलकी है जो दर्शकों को पसंद आने वाला है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493