Saturday , 21 September 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » भारत » बनारस हिंसा : कांग्रेस ने की अजय राय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

बनारस हिंसा : कांग्रेस ने की अजय राय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

लखनऊ , 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि दोनों पार्टियां आपस में मिलकर सूबे में लगातार सांप्रदायिक तनाव बढ़ा रही हैं। कांग्रेस मांग की कि फतेहगढ़ जेल भेजे गए विधायक अजय राय की सुरक्षा तत्काल बढ़ाई जाए।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी ने बुधवार को ये बातें की।

त्रिपाठी ने मांग की कि कांग्रेस विधायक अजय राय की सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की जाए क्योंकि मुख्तार अंसारी के खिलाफ अजय राय ही एकमात्र जीवित गवाह बचे हैं उनकी सुरक्षा के बारे में कांग्रेस पार्टी को चिंता है क्योंकि वाराणसी प्रशासन ने आनन फानन में अजय राय को फतेहगढ़ जेल भेज दिया।

उन्होंने कहा कि वाराणसी में मूर्ति विसर्जन को लेकर संतों पर लाठीचार्ज हुआ था। कांग्रेस पार्टी संतों के इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल नहीं थी लेकिन गलत ढंग से हुए लाठीचार्ज के विरोध में संतों ने अन्याय प्रतिकार यात्रा का आयोजन किया और इस यात्रा में कांग्रेस विधायक अजय राय और दूसरे कांग्रेस नेता शरीक हुए।

त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि पुलिस के जवानों एवं युवा हिन्दू वाहिनी के लोगों ने आगजनी और हिंसा को अंजाम दिया। जिसके लिए वाराणसी प्रशासन और इंटेलीजेंस की अक्षमता सामने आई क्योंकि इस अन्याय प्रतिकार यात्रा का समय, रास्ता और भीड़ की पूरी जानकारी प्रशासन को दी गई थी।

उन्होंने कहा कि विधायक अजय राय को हवाईअड्डे के रनवे पर गिरफ्तार किया गया, कांग्रेस पार्टी इसकी घोर निंदा करती है। साथ ही युवा कांग्रेस के कोआर्डिनेटर राघवेन्द्र चौबे को भी गिरफ्तार किया गया। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा के घर पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

त्रिपाठी ने मांग की कि वाराणसी की पूरी घटना की उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश के द्वारा जांच कराई जाए और दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा और सपा की सरकार पूरे पश्चिमी उप्र में सांप्रदायिक तनाव को बढ़ाने में लगी है। दादरी में वहां के केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, विधायक संगीत सोम और साध्वी प्राची के विरूद्घ कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रदेश में सांप्रदायिकता को रोकने के बजाय सांप्रदायिकता की आग में घी डालने का काम दोनों दल कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी आगामी 10 अक्तूबर को दादरी में सद्भावना उपवास का आयोजन करेगी।

बनारस हिंसा : कांग्रेस ने की अजय राय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग Reviewed by on . लखनऊ , 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि दोनों पार्टियां आपस में मिलकर सूबे में लगातार सा लखनऊ , 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि दोनों पार्टियां आपस में मिलकर सूबे में लगातार सा Rating:
scroll to top