भुवनेश्वर, 14 जनवरी (आईएएनएस)। ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक बसंत पांडा को गुरुवार को पार्टी की ओडिशा इकाई का निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
भाजपा के चुनाव अधिकारी राजकिशोर दास ने कहा कि राज्य विधानसभा के सदस्य पांडा को राज्य में पार्टी के सर्वोच्च पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया, क्योंकि किसी अन्य व्यक्ति ने इस पद के लिए पर्चा नहीं भरा था।
नुआपाड़ा से विधायक पांडा (54) ने कनक वर्धन सिंहदेव की जगह ली।
पांडा ने कहा, “पार्टी का एक सामान्य कार्याकर्ता होने के नाते राज्य में पार्टी को मजबूत करने और बीते 15 वर्षो से राज्य की सत्ता पर काबिज बीजू जनता दल (बीजद) की भ्रष्ट सत्ता से लड़ने के लिए मैं सबका सहयोग लूंगा।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए कल्याण कार्यक्रमों को राज्य के लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
पांडा दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। साल 2000 और साल 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की थी।
dharmpath.com dharmpath