ढाका, 13 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश में चल रहे सप्ताह भर लंबे आतंकवाद रोधी अभियान में 8,000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बांग्लादेशी पुलिस के एक प्रवक्ता ने सोमवार को कहा, “अभियान के तीसरे दिन कम से कम 3,245 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, पुलिस ने आतंकवादियों के धरपकड़ अभियान के प्रथम 48 घंटों में 5,324 लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार लोगों में से कम से कम 119 संदिग्ध आतंकवादी थे, जिनमें से अधिकांश प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘जमात उल मुजाहिद्दीन बांग्लादेश’ (जेएमबी) के सदस्य थे।
बांग्लादेश में इस्लामिक शासन की स्थापना के लिए अभियान चला रहे जेएमबी ने देश में सिलसिलेवार बम विस्फोट किए हैं।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि धरपकड़ अभियान का उद्देश्य देश से आतंकवादी संगठनों और उनके नेटवर्क्स को जड़ से उखाड़ना है।
बांग्लादेश में हाल के वर्षो में हिंसक हमलों में बढ़ोतरी हुई है।
चरमपंथियों द्वारा अंजाम दिए गए हमलों में वर्ष 2013 से अब तक कई धर्मनिरपेक्ष लेखकों, ब्लॉगरों और प्रकाशकों की हत्या की गई है या वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
ज्यादातर मामलों में मोटरसाइकल सवारों ने हमलों को अंजाम दिया।
देश के बंदरगाह शहर, चटगांव में बांग्लादेश के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी की पत्नी की हत्या के एक दिन बाद ही देश के गृह मंत्रालय ने मोटरसाइकल सवारों पर पिछली सीट पर एक से अधिक सवारों को ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
dharmpath.com dharmpath