नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन, युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के महासचिव अनूप चेतिया को बुधवार को भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया। सूत्रों ने बताया कि उसे जल्द ही राष्ट्रीय राजधानी लाया जाएगा।
उल्फा के संस्थापक सदस्य चेतिया को बांग्लादेश में 1997 में विदेशी एवं पासपोर्ट कानून के तहत गिरफ्तार किया गया था। उस पर सोलह देशों की मुद्राएं और हथियार रखने समेत कई आरोप लगाए गए थे। चेतिया असम में अवैध वसूली और हत्या के कई मामलों में वांछित है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया, “चेतिया को आज (बुधवार को) नई दिल्ली लाया जाएगा। यह अभी पता नहीं है कि उसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपा जाएगा या असम पुलिस को, जिसने उसे 1991 में गिरफ्तार किया था और बाद में छोड़ दिया था।”
चेतिया ने सात दिसंबर, 2008 को संयुक्त राष्ट्र से बांग्लादेश में राजनैतिक शरण देने की गुहार लगाई थी। लेकिन, उसकी गुहार ठुकरा दी गई थी।
असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने एक टीवी चैनल से कहा, “यह एक बड़ी उपलब्धि है। उल्फा के अध्यक्ष परेश बरुआ के मुकाबले चेतिया की उल्फा के उस धड़े में अच्छी पैठ है जो बातचीत का पक्षधर है।”
उन्होंने कहा कि यह केंद्र को तय करना है कि चेतिया को सीबीआई को सौंपा जाएगा या असम पुलिस को।
सीबीआई के पूर्व अधिकारी शांतनु सेन ने कहा, “मैं इस महत्वपूर्ण काम के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को बधाई देता हूं। उम्मीद है कि इससे अन्य भगोड़े आतंकवादियों को देश में लाने का रास्ता खुलेगा।”
सीबीआई के पूर्व अधिकारी डी.आर.कार्तिकेयन ने कहा, “देश के कानून से कोई बच नहीं सकता। यह शुरुआत है। यह उन लोगों के लिए सबक है जो कानून से बचना चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath