बांग्लादेश में नाईक के पीस टीवी का प्रसारण बंद (लीड-1)

ढाका, 11 जुलाई (आईएएनएस)। विवादास्पद भाषणों से सुर्खियों में आए इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाईक के पीस टीवी का प्रसारण बांग्लादेश में बंद कर दिया गया है। सरकार ने इसका प्रसारण अधिकार रद्द कर दिया है।

बांग्लादेश की एक वेबसाइट बीडीन्यूज24 के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने उक्त टीवी का प्रसारण बंद करने के संबंध में कानून-व्यवस्था पर मंत्रिमंडलीय समिति के फैसले के एक दिन बाद सोमवार को इस आशय का आदेश जारी किया।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के आदेश में कहा गया है, “मंत्रिमंडलीय समिति के निर्णय के आधार पर डाउनलिंक शर्तो का उल्लंघन करने के लिए फ्री-टू-एयर टीवी चैनल पीस टीवी के प्रसारण अधिकार रद्द कर दिए गए हैं।”

मंत्रालय ने पूरे देश में इस चैनल का प्रसारण बंद करने के लिए प्राधिकारियों से भी कहा है।

आदेश की प्रति गृह मंत्रालय, प्रेस सूचना विभाग और बांग्लादेश के केबल ऑपरेटर संघ को भेज दी गई है।

यह निर्णय इन आरोपों के बाद लिया गया कि 50 वर्षीय भारतीय उपदेशक के भाषणों और उनकी इस्लामिक मुद्दों की व्याख्या से आतंकवादी गतिविधियों को प्रेरणा मिल रही है और युवा चरमपंथ की ओर बढ़ रहे हैं।

मंत्रिमंडलीय समिति के फैसले के बाद बांग्लादेश के सूचना मंत्री हसन उल हक इनू ने रविवार को कहा था कि चैनल को बंद करने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई सोमवार सुबह की जाएगी।

उन्होंने कहा था, “पीस टीवी मुस्लिम समाज, कुरान, सुन्ना, हदीथ, बांग्लादेश के संविधान, हमारी संस्कृति, रीति रिवाज के अनुकूल नहीं है।”

नाईक मुंबई स्थित धर्मार्थ संगठन इस्लामिक शोध संस्थान के संस्थापक और अध्यक्ष है। यह संस्था पीस टीवी का मालिक और संचालक भी है। इसकी विषय वस्तु अंग्रेजी, उर्दू और बांग्ला भाषा में दुबई से प्रसारित की जाती है।

ब्रिटेन और कनाडा में नाईक के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। मुस्लिम बहुल देश मलेशिया में पीस टीवी के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

यह प्रतिबंध इस माह बांग्लादेश में हुए खूनी आतंकी हमले के बाद लगाया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493