श्रीनगर, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के बारामुला जिले में शुक्रवार को भीड़ पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि बारामुला के लदूरा इलाके में सेना के एक गश्ती दल पर भीड़ ने पत्थरबाजी की। जवाब में सेना की ओर से हुई फायरिंग में वसीम लोन (22) की मौत हो गई।
वसीम बारामुला जिले के नादिहाल गांव का रहने वाला था।
लोन की मौत के साथ घाटी में जारी हिंसा के दौरान मरने वालों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है।
जुमे की नमाज के बाद दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग शहर में और उत्तर कश्मीर के बांदीपुरा जिले में दो जगहों पर पत्थरबाजी की घटना हुई।
इन घटनाओं में करीब 25 लोग घायल हुए हैं।
कानून एवं व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील जगहों पर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों की बड़ी संख्या में तैनाती के अलावा अलगाववादियों के आह्वान पर विरोध प्रदर्शनों और रैलियों को रोकने के लिए अधिकारियों ने श्रीनगर शहर और घाटी के अन्य भागों में कई जगहों पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं।
शुक्रवार को कश्मीर लगातार 77वें दिन बंद रहा।
dharmpath.com dharmpath