बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा फिर शुरू (लीड-1)

श्रीनगर, 28 जून (आईएएनएस)। उत्तर और दक्षिण कश्मीर के दोनों मार्गो पर खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा गुरुवार को घंटों बाधित रहने के बाद अपराह्न् में मौसम सुधरने पर दोबारा शुरू हो गई।

अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को उत्तर कश्मीर के बालटाल आधार शिविर से गुफा मंदिर की तरफ जाने की इजाजत दी, हालांकि यात्रा दक्षिण में पहलगाम आधार शिविर पर अभी भी बाधित है।

इससे पहले एक अधिकारी ने कहा था, “गुफा मंदिर जाने वाले बालटाल और पहलगाम दोनों रास्तों पर तड़के सुबह से ही बारिश हो रही है। सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं। मौसम में सुधार होने तक उन्हें आगे नहीं बढ़ने की सलाह दी गई है।”

अमरनाथ यात्रा आधिकारिक रूप से गुरुवार को शुरू हुई। बुधवार को शिविरों से जत्थों ने आगे बढ़ना शुरू किया था।

मौसम विभाग ने शनिवार तक अगले 48 घंटों में घाटी में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की भविष्यवाणी की है।

जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से कुल 3,425 तीर्थयात्री दो जत्थों में रवाना हुए। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था तड़के 3.55 बजे और दूसरा जत्था 4.20 पर रवाना हुआ था।

पुलिस ने कहा कि गुरुवार को रवाना हुए जत्थे में 2,679 पुरुष, 592 महिलाएं, तीन बच्चे और 151 साधु शामिल हैं।

60 दिवसीय यह लंबी यात्रा 26 अगस्त को समाप्त होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493