बालाघाट, 30 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में सोमवार को पुलिस ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश नाकाम कर दी। पुलिस ने सीतापाला के जंगल से नक्सलियों द्वारा जमा किया गया विस्फोटक बरामद किया है।
बालाघाट के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) जी. जनार्दन ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया, “सोमवार देर शाम हॉक फोर्स व जिला पुलिस बल का दस्ता लांजी के अनुविभागीय अधिकारी, पुलिस (एसडीओ,पी) प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में घाघरा रोड पर तलाशी ले रहा था, तभी उसे सीतापाला के जंगल में काले रंग की पॉलीथिन में कुछ लिपटा मिला।”
जनार्दन के मुताबिक, “पॉलीथिन में सोडियम, नाइट्रेट, यूरिया, डेटोनेटर, इलेक्ट्रिक तार और कॉच के टुकड़े तथा लोहे के र्छे रखे हुए थे। आशंका है कि नक्सलियों द्वारा किसी वारदात की नीयत से यह विस्फोटक यहां इकट्ठा किया गया होगा।”
जनार्दन ने कहा कि बहेला थाने में टाडा दलम के नक्सली राकेश, जानकी, पहाड़ सिंह, राजेश, रेणुका सहित 15-20 अन्य नक्सलियों के विरुद्घ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। बरामद विस्फोटक से आशंका है कि नक्सली बालाघाट जिले में छत्तीसगढ़ की तर्ज पर हमले की फिराक में थे।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही बालाघाट पुलिस ने ठेकेदारों से वसूली कर नक्सलियों तक रकम पहुंचाने वाले दो लोगों को पकड़ा था और उनके पास से नगदी बरामद की थी।
dharmpath.com dharmpath