मुंबई, 24 मार्च (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी से सरकारी गवाह बने पाकिस्तानी-अमेरिकी डेविड कोलमैन हेडली ने गुरुवार को एक चौंकानेवाला खुलासा करते हुए दावा किया कि शिव सेना के संस्थापक व प्रमुख बाल ठाकरे की हत्या का प्रयास किया गया था।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जी.ए.सनाप की विशेष अदालत के समक्ष अमेरिका से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से हेडली ने कहा, “जहां तक मेरी जानकारी है, शिव सेना प्रमुख की हत्या का प्रयास किया गया था। उनकी हत्या का प्रयास करनेवाला व्यक्ति पुलिस हिरासत से फरार हो गया था।”
26/11 मामले में मुकदमे का सामना कर रहे सैयद जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबु जुंदाल के वकील अब्दुल वहाब खान द्वारा हेडली से दूसरे दिन की जिरह के दौरान उसका यह खुलासा सामने आया है।
जब खान ने हेडली से पूछा कि उसने दादर स्थित शिव सेना भवन का कितनी बार मुआयना किया और इसके पीछे उसका मकसद क्या था, इसके जवाब में हेडली ने कहा कि उसने दो बार वहां का का मुआयना किया और इस बात को दोहराया कि लश्कर-ए-तैयबा के निशाने पर बाल ठाकरे थे।
इस सवाल के जवाब में कि किसके निर्देश पर उसने शिव सेना भवन का दौरा किया, हेडली ने कहा कि उसने पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा के साजिद मीर के कहने पर ऐसा किया।
dharmpath.com dharmpath