कोलकाता, 2 जुलाई (आईएएनएस)। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) द्वारा बिजली संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 15.4 फीसदी बढ़ी है।
कोल इंडिया के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि रेक लोडिंग में 15 फीसदी इजाफा होने से कोयले की आपूर्ति में बढ़ोतरी हुई है।
सीआईएल ने अप्रैल-जून में कोयले की कुल आपूर्ति का 80 फीसदी बिजली संयंत्रों को मुहैया करवाया है।
अधिकारी ने बताया, “रेक लोडिंग में 15 फीसदी बढ़ोतरी होने से पहली तिमाही में बिजली संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति में 15.4 फीसदी की वृद्धि हुई।”
उन्होंने बताया कि अप्रैल-जून में बिजली संयंत्रों को 12.24 करोड़ टन कोयले की आूपूर्ति की गई जोकि पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 16.38 लाख टन ज्यादा है।
कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष की शुरुआत में जहां 30 बिजली संयंत्रों के पास कोयले के स्टॉक की हालत नाजुक थी, वहां जून के अंत में ऐसे संयंत्रों की संख्या महज 16 बच गई है।
अधिकारी ने कहा, “हमारा लक्ष्य बिजली संयंत्रों के पास कोयले के स्टॉक में इजाफा करना है ताकि उनके पास 22 दिनों की जरूरत के लिए कोयले का स्टॉक हमेशा बना रहे और कोयले से चालित बिजली संयंत्रों के सामने कोई स्टॉक की कमी का संकट उत्पन्न न हो। हम हरसंभव कोयले की आपूर्ति में इजाफा कर रहे हैं।”
महारत्न कोयला खनन कंपनी सीआईएल ने अप्रैल-जून 2018 के दौरान 13.68 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया जोकि पिछले साल की समान अवधि के आंकड़े 11.84 करोड़ टन से 180.3 लाख टन यानी 15.2 फीसदी अधिक है।
dharmpath.com dharmpath