मोतिहारी, 24 मई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया प्रखंड के अंचलाधिकारी (सीओ) मोहम्मद रेयाज शाहिद को एक अज्ञात बदमाश ने मोबाइल फोन पर एसएमएस भेजकर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगी है। ऐसा नहीं करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।
चिरैया के थाना प्रभारी विजय कुमार यादव ने मंगलवार को कहा, “अंचलाधिकारी के मोबाइल फोन पर मोबाइल फोन संख्या 9135993987 से सोमवार को चार मैसेज भेजे गए। मैसेज में 10 लाख रुपये बतौर रंगदारी नहीं देने पर एके-47 रायफल से हत्या करने की धमकी दी गई है। मैसेज में अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया है।”
यादव ने कहा कि अंचलाधिकारी के बयान के आधार चिरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
अंचलाधिकारी शाहिद ने कहा कि इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को भी दे दी गई है।
dharmpath.com dharmpath