बिहार : अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मजदूरों को कुचला, 3 की मौत

पटना, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने डिवाइडर पर सो रहे चार मजदूरों को रौंद दिया। इस घटना में तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चौथा मजदूर गंभीर रूप से घायल बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात बालू से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार से सगुना मोड़ की ओर से आ रही थी, उसी दौरान जगदेव पथ के पास चालक का ट्रैक्टर पर से नियंत्रण छूट गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर ने फ्लाईओवर के नीचे डिवाइडर पर सो रहे चार मजदूरों को कुचल दिया। तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।

एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि मारे गए मजदूरों की पहचान जीतू मांझी, कारू मांझी और कन्हौली मांझी के रूप में हुई। सभी मृतक और घायल मुसहरी इलाके के रहने वाले हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। शांत कराने पहुंची पुलिस के साथ स्थानीय लोगों की झड़प की भी खबर है। मामले की जांच जारी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493