बिहार इंटर टॉपर्स घोटाले में बीएसईबी के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार (लीड-1)

पटना, 20 जून (आईएएनएस)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद सिंह और उनकी पत्नी एवं पूर्व विधायक उषा सिन्हा को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने चर्चित बिहार टॉपर्स घोटाले में सोमवार को गिरफ्तार किया।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए आईएएनएस को बताया, “गुप्त सूचना के आधार पर एसआईटी ने समिति के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी उषा को वाराणसी से गिरफ्तार किया।”

उन्होंने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें पटना लाया जाएगा और पूछताछ की जाएगी।

गौरतलब है कि समिति द्वारा आयोजित इंटर परीक्षा परिणाम में फर्जी टॉपर्स के खुलासे के बाद विशेष जांच परीक्षा में विज्ञान संकाय के टॉपर्स बने सौरभ श्रेष्ठ और राहुल कुमार का परीक्षा परिणाम रद्द कर दिया गया, जबकि आर्ट्स टॉपर रूबी राय टेस्ट के लिए उपस्थित नहीं हुईं।

इंटर टॉपर्स घोटाले को लेकर छह जून को पटना के कोतवाली थाना में वैशाली जिले के भगवानपुर थाना के किरतपुर स्थित विशुन राय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित कुमार उर्फ बच्चा राय और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्कालीन अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

लालकेश्वर ने आठ जून को समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

विशुन राय कॉलेज के प्राचार्य बच्चा राय को पुलिस ने 11 जून को गिरफ्तार किया था। समिति के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी उषा सिन्हा के खिलाफ पटना की एक अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493