भोपाल, 20 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर रविवार को हुई बारिश के बाद सोमवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है।
राज्य के पूर्वी हिस्से में रविवार को मानसून ने दस्तक दे दी। मानसूनी बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं। मौसम के रुख में आए इस बदलाव से सोमवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि सुबह तेज धूप भी रही। बीते 24 घंटों के दौरान जबलपुर में 13 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है।
राज्य में मानसून के प्रवेश के साथ तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री, इंदौर का 23.2 डिग्री, ग्वालियर का 28.9 डिग्री और जबलपुर का 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री, इंदौर का 35.5 डिग्री, ग्वालियर का 40.3 डिग्री और जबलपुर का 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath