बिहार : कोयले से लदी मालगाड़ी की 24 बोगियां पटरी से उतरी (लीड-1)

सासाराम, 8 मई (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के कुम्हउ रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार को एक मालगाड़ी की 24 बोगियां बेपटरी हो गई, जिससे गया-मुगलसाय रेलखंड पर रेलों का परिचालन बाधित हो गया है। इस रेलखंड पर चलने वाली आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरविन्द कुमार रजक ने आईएएनएस को बताया कि कुम्हउ रेलवे स्टेशन के समीप पोल संख्या 581/1ए से 580/29 के बीच कोयले से लदी एक मालगाड़ी की 24 बोगियां बेपटरी हो गई। इस घटना के बाद गया-मुगलसराय रेलखंड पर आवागमन रोक दिया गया है। इस दुर्घटना में मालगाड़ी की कई बोगियां एक-दूसरे पर चढ़ गई हैं।

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में अप और डाउन की पटरियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। क्षतिग्रस्त पटरी को दुरूस्त करने का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि मुगलसराय से रेल अधिकारियों और विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।

रजक के मुताबिक दुर्घटना के बाद इस मार्ग पर चलने वाली आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है तथा कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन कर चलाया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493