बिहार : घरेलू विवाद में पति ने पत्नी और अबोध बेटी का गला काटा

दरभंगा, 28 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के दरभंगा जिले के सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद में पत्नी और अबोध बच्ची की धारदार हथियार से गला काटकर दोनों की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, कोरौनी गांव निवासी इम्तेयाज नदाफ के पुत्र शाकिर नदाफ का विवाह ढाई वर्ष पहले गुलशन खातून से हुई थी। विवाह के बाद से ही रिश्ते में विश्वास की कमी के कारण दोनों में अक्सर विवाद होता रहता था। इस दौरान हालांकि गुलशन ने एक बच्ची को भी जन्म दिया।

मंगलवार तड़के भी पति-पत्नी में विवाद हुआ और शाकिर ने गुस्से में पत्नी गुलशन खातून (22) और ढाई वर्षीय दूधमुंही बेटी शम्मा प्रवीण की हसुली (धारदार हथियार) से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया।

सिंघवाड़ा के थाना प्रभारी एस़ क़े सिन्हा ने बताया कि मृतका गुलशन के पिता इस्तेहाक अहमद के बयान पर सिंघवाड़ा थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

दरभंगा के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिलनवाज अहमद ने बताया कि घरेलू विवाद में युवक ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या की है। वह फरार है। पुलिस की दो टीमें बनाकर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के सही कारणों का पता चल सकेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493