सहरसा (बिहार), 17 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक घर में आग लग जाने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
महिषी के थाना प्रभारी श्रीकांत प्रसाद सिन्हा ने बताया कि महेशरी गांव निवासी फागु पंडित के घर में तड़के आग लग गई। आग लगने के कारण घर में सो रहे तीन बच्चों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दो बच्चों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि एक बच्चे की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना के समय घर के सभी वयस्क खेत में काम करने गए हुए थे। मृतकों में सूरज पंडित (5), आरती कुमारी (4) और बसंत कुमार (2) शामिल हैं। इस घटना में घायल एक अन्य बच्चे की स्थिति गंभीर है, जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath