पटना, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सत्ता पाने के लिए राष्ट्रीय हितों से समझौता कर रही है तथा कुछ भी करने को तैयार है।
पटना में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए नीतीश ने कहा कि भाजपा जब सत्ता में नहीं थी तब उसके नेता राष्ट्रभक्ति का दावा करते हुए कहा करते थे, कि राष्ट्र कमजोर हो रहा है परंतु अब वह सब कुछ हो रहा है जो अब तक नहीं हुआ था।
उन्होंने कहा, “भाजपा जम्मू-कश्मीर में सत्ता में है परंतु वहां पाकिस्तानी झंडे लहराए जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में यह कभी नहीं हुआ था।”
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा, “चुनाव के पूर्व तो कहा जाता था कि सरकार बनते ही पाकिस्तान और चीन सीमा पर शांति बहाल हो जाएगी परंतु क्या हो रहा है? इसके लिए कौन जिम्मेवार है?”
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता पाने के लिए हवा-हवाई बातें की, जो अब तक धरातल पर नहीं उतरा है।
dharmpath.com dharmpath