पटना, 3 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण का मतदान पांच नवंबर (गुरुवार) को है। इसके लिए विभिन्न दलों का चल रहा चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम पांच बजे थम गया। इस चरण में सीमांचल, कोसी और मिथिलांचल के नौ जिलों की 57 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इन सीटों पर 58 महिला समेत कुल 827 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
पांचवें चरण में दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले के मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इस चरण में वैध मतदाताओं की संख्या लगभग 1़ 55 करोड़ है।
जिन नौ जिलों के 57 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है, उनमें 55 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सुबह सात बजे से शाम पांच बजे शाम तक, जबकि दो विधानसभा क्षेत्रों में अपराह्न् तीन बजे तक मतदान कर सकेंगे।
बिहार चुनाव के पांचवें चरण के प्रचार के अंतिम दिन सभी पार्टियों और प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राधामोहन सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने चुनावी सभाओं को संबोधित किया, वहीं सत्ताधारी महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनावी सभाएं कीं।
इस चरण में मतदाता मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, लेसी सिंह, बीमा भारती, पूर्व मंत्री नीतीश मिश्र, रामचंद्र पूर्वे जैसे दिग्गजों का भाग्य का फैसला करेंगे।
अंतिम चरण के चुनावी समर में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल जनता दल (युनाइटेड) ने 25, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने 20 और कांग्रेस ने 12 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि राजग की ओर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 38, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने 11, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने पांच और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) ने तीन प्रत्याशी उतारे हैं।
इस चुनाव में वामपंथी दल एक अलग मोर्चा बनाकर, जबकि समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में जन अधिकार पार्टी समेत कई राजनीतिक दल एक अलग गठबंधन के तहत ताल ठोक रहे हैं।
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए अब तक चार चरणों का मतदान हो चुका है। पांचवें चरण के मतदान के बाद सभी सीटों की मतगणना आठ नवंबर को होगी।
dharmpath.com dharmpath