बिहार चुनाव : चौथे चरण के मतदान के लिए नामांकन शुरू

पटना, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए एक नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करने का कार्य बुधवार से शुरू हो गया।

चौथे चरण के तहत राज्य विधानसभा की कुल 243 सीटों में से 55 सीटों के लिए एक नवंबर को मतदान होना है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आऱ लक्ष्मणन ने बताया, “पांच चरणों में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चौथे चरण के मतदान के लिए बुधवार से उम्मीदवार नामांकन का पर्चा दाखिल करने का काम शुरू हो गया।”

लक्ष्मणन ने कहा, “चौथे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर है, जबकि 15 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 17 अक्टूबर तक नाम वापस लिया जा सकेगा।”

तीसरे चरण में सात जिलों-पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और सीवान जिले के विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है।

बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। मतों की गिनती आठ नवंबर को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493