बिहार चुनाव ‘जंगलराज’ और ‘विकासराज’ की लड़ाई : मोदी (लीड-2)

मुंगेर/बेगूसराय/समस्तीपुर (बिहार), 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सत्तारूढ़ महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि छोटे भाई और बड़े भाई ने बिहार को 25 वर्षो तक लूटा और अब फिर ‘महास्वार्थ बंधन’ कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में ‘जंगलराज’ और ‘विकासराज’ की लड़ाई है।

मुंगेर, बेगूसराय और समस्तीपुर में अलग-अलग चुनावी सभाओं में महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह 2022 तक हर भारतीय के पास अपना घर चाहते हैं, जब भारत आजादी के 75 साल पूरे करेगा। उन्होंने कहा, “मेरी इच्छा है कि 2022 में आजादी के 75 साल पूरे होने तक हर भारतीय के पास अपना खुद का घर हो।”

मोदी ने कहा कि कांग्रेस, राजद और जद (यू) कभी एक-दूसरे को गाली देते थे, लेकिन आज सत्ता के लिए एक हो गए हैं। बिहार को फिर से जंगलराज बनाने का खेल खेला जा रहा है। लोग फिर से अपहरण उद्योग स्थापित करना चाहते हैं। उनको यह जान लेना चाहिए, जनता गलती माफ कर देती है, लेकिन धोखा देने वालों को कभी माफ नहीं करती।

बिहार की अपार जल संपदा और युवाशक्ति की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के कुछ इलाकों में खूब पानी है, जिसके लिए हिंदुस्तान के कई इलाके तरसते हैं। यहां लबालब जवानी (युवा) भी भरी पड़ी है।

उन्होंने कहा, “बिहार में अगर सिर्फ पानी और जवानी पर ध्यान दे दिया जाए तो राज्य की तस्वीर बदल जाए। बिहार के पानी और जवानी पर भरोसा है, ये केवल बिहार को नहीं, पूरे देश को बदल देंगे, इसका भरोसा है। मगर जरूरी है कि यहां पानी का सही प्रबंधन हो और जवानी को सही अवसर मिले।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि अमीरों को सरकार की जरूरत नहीं पड़ती, मगर गरीबों के कल्याण के लिए सरकार ही होती है।

मोदी ने कहा, “चुनाव तो गरीबों के नाम पर लड़े गए, लेकिन सरकार गरीबों के लिए नहीं चलाई गई। आज तक जितनी भी सरकारें आईं, वे अगर गरीबों के कल्याण को ध्यान में रखकर सरकार चलाई होती तो देश में न गरीबी बढ़ती न अशिक्षा।”

जयप्रकाश नारायण को याद करते हुए उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद वह सुशासन के लिए लड़ते रहे। ‘संपूर्ण क्रांति’ का नारा देकर देश के नौजवानों में नया जोश भर दिया। आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने जयप्रकाश नारायण को जेल में डाल दिया था। आज उसी कांग्रेस के साथ स्वार्थ की राजनीति करने वाले दल गठबंधन कर बिहार की सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “हमें बिहार के भाग्य को बदलना है और राज्य के नौजवान इस काम को करेंगे।”

गोमांस संबंधी लालू के विवादित बयान पर मोदी ने उन पर जमकर शब्दवाण चलाए। मोदी को लालू पर यदुवंशियों को अपमान का आरोप लगाते हुए कहा, “यदुवंशी क्या खाते हैं, यह सवाल कर बिहार का अपमान किया गया है। जब बात आगे बढ़ी तो कहा गया कि उनके भीतर शैतान प्रवेश कर गया। सवाल यह है कि शैतान को उन्हीं का पता कैसे मिला, किसी और का ठिकाना शैतान को क्यों नहीं मिला।”

प्रधानमंत्री ने सवालिया लहजे में कहा कि जिसका पता शैतान ने ढूंढ़ लिया है, उसको क्या हम कभी देखेंगे? पहली बार पता चला है कि इंसानों के पीछे शैतान पड़ा है।

कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पीछे के दरवाजे से आने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस में अब ऐसा नेता भी नहीं बचा है, जिसका गुणगान किया जा सके।

प्रधानमंत्री गुरुवार को समस्तीपुर और नवादा में भी चुनावी जनसभा को संबोधित करने वाले हैं।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजद, जद (यू) और कांग्रेस महागठबंधन के तहत चुनाव मैदान में है। इसका मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493