पटना, 23 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत 12 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन बुधवार को 381 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इस तरह पहले चरण के लिए कुल 629 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आऱ लक्ष्मणन ने यहां बुधवार को बताया कि पांच चरणों में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए बुधवार को नामांकन पर्चा दाखिल करने का काम पूरा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण के मतदान के लिए कुल 629 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
पहले चरण के तहत राज्य विधानसभा की कुल 243 सीटों में से 49 सीटों के लिए 12 अक्टूबर को मतदान होना है।
लक्ष्मणन ने बताया कि प्रथम चरण के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 24 सितंबर को की जाएगी। उम्मीदवार 26 सितम्बर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
प्रथम चरण में समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और जमुई जिले के विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है।
12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। मतों की गिनती आठ नवंबर को होगी।
dharmpath.com dharmpath