गया/पटना, 9 मई (आईएएनएस)। बिहार के गया शहर में गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर छात्र आदित्य सचदेवा की हत्या के मामले में गिरफ्तार जनता दल (युनाइटेड) की विधान पार्षद मनोरमा देवी के पति और उनके अंगरक्षक को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस हत्याकांड के खिलाफ विपक्ष ने बंद का ऐलान किया है।
गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने सोमवार को बताया कि एमएलसी के पति बिंदी यादव और अंगरक्षक राजेश कुमार को गया की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने दोनों को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बिंदी यादव और अंगरक्षक राजेश पर पुलिस को बरगलाने तथा आरोपी को भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछतछ के बाद अदालत में पेश किया गया। गौरतलब है कि राजेश घटना के समय रॉकी की गाड़ी में मौजूद था।
इधर, बिंदी यादव ने अदालत परिसर में पत्रकारों से कहा कि उसे राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उसका कोई कसूर नहीं है। उसे बेवजह परेशान किया जा रहा है।
इस बीच पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छात्र आदित्य की हत्या के मामले पर कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कारवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रही है, कानून से ऊपर कोई नहीं है।
इस बीच पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कारवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रही है। कानून से ऊपर कोई नहीं।
मुख्यमंत्री आवास में ‘जनता दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, “किसी को भी कानून को हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। चाहे वह कोई भी हो। इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में तत्काल कार्रवाई हो रही है।”
नीतीश ने कहा कि बिहार में कानून के मुताबिक काम हो रहा है। जांच के दौरान और किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, तब उस पर भी कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि शनिवार देर रात बोधगया से लौट रहे जद (यू) विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे रॉकी की गाड़ी लैंड रोवर कार को एक व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा ने ओवरटेक किया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। इसी दौरान, रॉकी ने कथित तौर पर आदित्य को गोली मार दी। बुरी तरह घायल आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इस हत्याकांड के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा सोमवार को आहूत बंद का मिलाजुला असर देखा गया। राजग नेताओं ने नीतीशराज को ‘जंगलराज’ करार देते हुए जद(यू) की विधान पार्षद के आरोपी बेटे रॉकी की गिरफ्तारी की मांग की।
इस हत्याकांड के खिलाफ राजनीतिक कार्यकर्ताओं, कारोबारियों और आम लोगों की भीड़ ने सुबह से ही विभिन्न सड़कों पर आवागमन अवरुद्ध कर दिया और आगजनी की। लोगों ने पुलिस और सरकार के विरोध में नारेबाजी की। छात्र की हत्या के विरोध में शहर की छोटी-बड़ी दुकानों के अलावा सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रहे।
इस बंद का गया ‘चैंबर ऑफ कॉमर्स’ ने भी समर्थन किया है। शहर के अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर आए हैं।
बंद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सहित राजग के सभी घटक दल शामिल हैं।
इधर, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व स्थानीय विधायक डा. प्रेम कुमार भी कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब से महागठबंधन के साथ मिलकर नीतीश कुमार ने सरकार बनाई है, तब से बिहार में ‘जंगलराज’ लौट आया है।
प्रेम कुमार ने आरोपी के पिता के बारे में कहा कि सत्तारूढ़ दल की एमएलसी मनोरमा देवी के पति बिंदी यादव का आपराधिक रिकार्ड रहा है। उनके पुत्र रॉकी यादव ने आदित्य की हत्या की। दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
बंद के मद्देनजर गया में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। गया मुख्य चौक-चौराहों और शहर के मध्य में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर गया के सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है।
इस मामले में आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई ठिकानों पर छापेमारी की है। रकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही हैं।
राज्य के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि इस मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषी कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
dharmpath.com dharmpath