पटना, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में सतारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) विधानमंडल दल ने पुराने जनता दल परिवार में जद (यू) के विलय पर अपनी मुहर लगा दी। दल के नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी के अध्यक्ष शरद यादव को विलय पर अंतिम निर्णय लेने के अधिकृत किया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर बुधवार की रात हुई बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री ने जनता दल परिवार में विलय को लेकर अब तक की हुई गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में सर्वसम्मति से विलय के प्रस्ताव को पास किया गया तथा विलय के लिए अंतिम निर्णय लेने लिए नीतीश कुमार और शरद यादव को अधिकृत कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि बैठक में जद (यू) के विधायक, विधान पार्षद, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल हुए।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि विलय समय की मांग है। उन्होंने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को विधायकों से मिलकर क्षेत्र की समस्याओं के निदान का टास्क भी दिया है। उन्होंने सभी मंत्रियों को निर्देश दिया है कि वे विधायकों के लिए समय निकालें और सप्ताह में कम से कम एक दिन विधायकों की समस्याओं को सुनें।
बैठक के बाद एक भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें सरकार को समर्थन दे रही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के विधायक भी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि गत रविवार को राजद कार्यकारिणी की बैठक में राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद को विलय के निर्णय लेने के लिए पार्टी ने अधिकृत किया था।
dharmpath.com dharmpath