पटना, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत बुधवार को 50 विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो गया। मतदान के दौरान छिटपुट घटनाओं को छोड़कर कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। शाम चार बजे तक लगभग 50 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, तीसरे चरण में सभी 50 विधानसभा क्षेत्रों मे मतदान संपन्न हो गया है परंतु अंतिम आंकड़े अभी जुटाए जा रहे हैं।
आयोग के मुताबिक चार बजे तक 49़ 55 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। सबसे अधिक 55 प्रतिशत मतदान बक्सर जिले में, जबकि सबसे कम 46 प्रतिशत मतदान पटना जिला में हुआ। अभी भी कुछ मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतार देखी जा रही है।
इन 50 विधानसभा क्षेत्रों में से 10 संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों में अपराह्न चार बजे ही मतदान संपन्न हो गया था।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आऱ लक्ष्मणन ने बताया कि शुरू में कुछ मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) खराब होने की सूचना मिली थी, जिसे तुरंत ठीक कर दिया गया। इस बीच अभी तक कहीं से कोई बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
तीसरे चरण में सारण, वैशाली, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जिले के 50 विधानसभा क्षेत्रों के 1़ 46 करोड़ मतदाताओं के लिए 14,170 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इस चरण में 71 महिला सहित 808 उम्मीदवार मैदान में हैं।
तीसरे चरण के मतदान से राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के दोनों बेटों तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव, बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता और भाजपा नेता नंदकिशोर यादव, मंत्री श्याम रजक, श्रवण कुमार, अमरेंद्र प्रताप सिंह जैसे दिग्गजों के भाग्य का फैसला होगा।
तीसरे चरण के मतदान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 34, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के 10, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के दो, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन में जद (यू) के 18, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 25 और कांग्रेस के सात प्रत्याशी चुनावी समर में हैं।
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। प्रथम चरण में 49 विधानसभा सीटों के लिए तथा दूसरे चरण में 32 सीटों के लिए मतदान हो चुका है। मतगणना आठ नवंबर को होगी।
dharmpath.com dharmpath