Saturday , 18 May 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » भारत » बिहार : नीतीश ने बाढ़ग्रस्त अररिया, किशनगंज व कटिहार का जायजा लिया (लीड-2)

बिहार : नीतीश ने बाढ़ग्रस्त अररिया, किशनगंज व कटिहार का जायजा लिया (लीड-2)

पटना/पूर्णिया, 23 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बाढ़ प्रभावित अररिया, किशनगंज और कटिहार जिले का दौरा किया तथा वहां बाढ़ पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे राहत कार्यो का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की खुद जांच की तथा अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री बुधवार को पूर्णिया से अररिया पहुंचे तथा वहां अररिया कलेज पहुंचकर पार्टी के स्थानीय नेताओं से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वे मार्केटिंग यार्ड के उस गोदाम में भी पहुंचे जहां पीड़ितों के लिए राहत सामग्री की पैकिंग की जा रही थी। इस दौरान नीतीश ने पूरे कार्यो का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। नीतीश ने यहां कई सामानों की गुणवत्ता की भी जांच की।

मुख्यमंत्री यहां से रानीगंज के एक स्कूल में चलाए जा रहे राहत कार्यो को भी देखने पहुंचे। यहां उन्होंने कुछ पीड़ितों को अपने हाथों से राहत सामग्री भी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री कटिहार और किशनगंज के लिए निकल गए।

नीतीश मंगलवार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। बाढ़ में सबसे ज्यादा 80 लोगों की मौत अररिया जिले में ही हुई है।

मुख्यमंत्री इसके बाद किशनगंज पहुंचे। मुख्यमंत्री किशनगंज प्रखंड के चकला पंचायत स्थित मिलिया इंजीनियरिंग कलेज परिसर में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सामग्री वितरण का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित पदाधिकारियों को बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ के दौरान कोचाधामन प्रखंड के चार एवं किशनगंज सदर प्रखंड के दो मृत व्यक्तियों के आश्रितों को अनुदान के रूप में चार-चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री कटिहार जिले के लिए निकल गए। कटिहार पहुंचने के बाद नीतीश कदवा स्थित दुखी राम मध्य विद्यालय में चलाए जा रहे सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया तथा वहां उपस्थित लोगों से बातचीत की।

इस मौके पर नीतीश ने कहा कि यह आफत बड़ी है और राहत कार्य जोरशोर से चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए छोटी नदियों को जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा को रोका नहीं जा सकता है, लेकिन उससे होने वाली क्षति को कम किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

किशनगंज में अब तक बाढ़ से 23 लोगों की, जबकि कटिहार में 35 लोगों की मौत हो चुकी है।

इसके पूर्व मंगलवार को मुख्यमंत्री पूर्णिया में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यो का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने पूर्णिया में बनाई गई फूड पैकेटिंग सेंटर, बाढ़ राहत शिविर, पशु राहत शिविर, सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं बाढ़ पीड़ित लोगों के लिए बनाए जा रहे फूड पैकेटों में डाली जा रही सभी सामग्रियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने फूड पैकेटों में डाली जा रही सामग्रियों का वजन भी देखा। पूर्णिया महाविद्यालय में मुख्यमंत्री ने सूखा राशन पैकेटिंग केंद्र का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने चाइल्ड लेबर स्कूल बेलगाछी, डगरूआ में चलाई जा रहे बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविर में रह रहे लोगों से मुलाकात की तथा उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने बाढ़ राहत शिविर में चलाए जा रहे किचन का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं भोजनालय में बनाए जा रहे भोजन को देखा।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविर में रह रहे बच्चों से बातचीत की तथा उनसे बाढ़ राहत शिविर में दी जा रही सुविधा एवं भोजन के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविर में चलाए जा रहे स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा उपलब्ध दवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने डगरुआ में लगाए गए पशु राहत शिविर का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने पवन मोटर्स बारसोई में चलाए जा रहे सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। सामुदायिक रसोई में मुख्यमंत्री ने लोगों से हाल-चाल पूछा। मुख्यमंत्री ने स्वयं सामुदायिक किचन में बनाए जा रहे भोजन को देखा तथा संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान उनके साथ आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार सहित संबंधित जिला के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बिहार : नीतीश ने बाढ़ग्रस्त अररिया, किशनगंज व कटिहार का जायजा लिया (लीड-2) Reviewed by on . पटना/पूर्णिया, 23 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बाढ़ प्रभावित अररिया, किशनगंज और कटिहार जिले का दौरा किया तथा वहां बाढ़ पीड़ितों क पटना/पूर्णिया, 23 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बाढ़ प्रभावित अररिया, किशनगंज और कटिहार जिले का दौरा किया तथा वहां बाढ़ पीड़ितों क Rating:
scroll to top