पटना, 18 मई (आईएएनएस)। बिहार में पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को सातवें चरण का मतदान संपन्न हो गया। इस चरण के मतदान के दौरान हुई हिंसक घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस चुनाव के तहत मतदाता तीन स्तरीय ग्रामीण प्रशासन संरचना के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
सातवें चरण के मतदान में 58.93 लाख मतदाताओं में से 64 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सातवें चरण में राज्य के 36 जिलों के 57 प्रखंडों में मतदान हुआ।
इस चरण में बिहार पंचायत निर्वाचन 2016 के सातवें चरण के चुनाव में जिला परिषद सदस्य के 121, पंचायत समिति सदस्य के 1188, ग्राम पंचायत मुखिया व ग्राम कचहरी सरपंच के 854, ग्राम पंचायत सदस्य के 11,812 एवं ग्राम कचहरी पंच के 11,812 पदों के लिए मत डाले गए।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान के दौरान वैशाली जिले के लालगंज के अनवरपुर मतदान केन्द्र संख्या 275 के पास चुनावी रंजिश में गोली मारकर मुन्ना सिंह नामक युवक की हत्या कर दी गई। पटना के खुसरूपुर मतदान केन्द्र पर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके अलावे मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर व लखीसराय जिले में भी छिटपुट घटना की सूचना है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, मतदान में व्यवधान डालने के आरोप में राज्य भर से 395 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 20 वाहन जब्त किए गए। इसके अलावे तीन अवैध हथियार भी जब्त किए गए ।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सातवें चरण के मतदान के लिए 12,237 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सभी मतदान केंद्रों पर सशस्त्र बल की तैनाती की गई थी।
पंचायत प्रणाली के जरिए जिला, ब्लॉक (प्रखंड) और ग्राम स्तर पर प्रतिनिधियों का चुनाव होता है।
राज्य में 10 चरणों में होने वाला यह चुनाव 30 मई को संपन्न होगा।
dharmpath.com dharmpath