बिहार : पटना में जाप कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने चटकाईं लाठियां

पटना, 24 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी में मंगलवार को नोटबंदी, भ्रष्टाचार और बेनामी संपत्ति के खिलाफ सड़कों पर उतरी सांसद पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी (जाप) के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। जेपी गोलंबर के पास पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। बेकाबू भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने पहले जलतोप चलाया और उसके बाद लाठी चार्ज किया।

जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव के नेतृत्व में पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता कारगिल चौक पर जमा हुए। इसके बाद मार्च प्रारंभ हुआ। जैसे ही मार्च जेपी गोलंबर पहुंचा, तब पुलिस ने मार्च को रोकने की कोशिश की। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरेकेटिंग तोड़ दी, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। भीड़ पर जब काबू नहीं किया जा सका, तो पुलिस ने लाठी चार्ज किया। इसमें कई लोग घायल हो गए।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।

पप्पू यादव ने कहा, “बिहार में सिर्फ और सिर्फ लाठी गोली की सरकार है जो कि लोगों की आवाज के साथ लोकतंत्र का गला दबाने की साजिश कर रही है। सरकार लोगों की आवाज दबाना चाहती है जो हम कभी होने नहीं देंगे।”

उन्होंने कहा, “पुलिस के लाठी चार्ज से हमारा एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल है। अन्य सात लोगों के सिर फोड़ दिए गए हैं। सरकार लाठी के बल पर हमारे आंदोलन को दबाना चाहती है, लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है। गरीबों को उनका हक दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493