सासाराम(बिहार), 25 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध क्रैशर मशीनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 40 से अधिक (स्टोन) कै्रशर मशीनों को ध्वस्त कर दिया है।
डेहरी के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गोपीबिगहा क्षेत्र में चल रहे 40 से ज्यादा अवैध क्रैशरों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
उन्होंने बताया कि वहां जितनी भी अन्य मशीनों के उपकरण बरामद किए गए, उन सभी को नष्ट कर दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में मशीन संचालकों ने पुलिस का विरोध किया, हालांकि पुलिस के कड़े तेवर के कारण सभी मजदूर और संचालक भाग गए। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
कुमार ने बताया कि अवैध क्रैशर मालिकों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन का कारोबार वर्षो से चल रहा है। लेकिन इसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई के दौरान कई मौकों पर पुलिस पर हमला हो चुका है।
dharmpath.com dharmpath