बिहार : पुलिस मालखाना से गायब हथियार के साथ 5 गिरफ्तार

मुंगेर, 5 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर में पुलिस ने न्यायालय परिसर स्थित मालखाना से गायब हुए हथियार के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुंगेर के पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला ने यहां शनिवार को बताया कि शुक्रवार की रात कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के समीप संदेह के आधार पर मोटरसाइकिल पर बैठे दो व्यक्तियों की तलाशी ली, तब उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ। इस बरामदगी के बाद न्यायालय के मालखाने से हथियार की चोरी का राज खुल गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अन्य तीन लोगों को चोरी किए गए अन्य हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

मंगला ने बताया कि बरामद हथियारों में एक मसकट तथा एक रेगुलर डीबीएल बंदूक शामिल है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान कासिम बाजार निवासी महताब, कृष्ण मुरारी साह, राजीव कुमार, मोहम्मद शैफ, मोहम्मद बीरू के रूप में की गई है।

उन्होंने कहा, “पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। मालखाने का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा, क्योंकि पहले भी यहां से समान गायब होने की सूचना पुलिस को मिली है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493