मुजफ्फरपुर, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक अनियंत्रित बोलेरो ने पूजा करने जा रही महिलाओं को रौंद दिया। इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि अन्य 10 महिलाएं घायल हैं।
पुलिस के अनुसार, विशुनपुर पट्टी की रहने वाली 20-25 महिलाएं एक प्रकार की पूजा करने के लिए नदी की ओर जा रही थी, तभी एक अनियंत्रित बोलेरो ने 15 महिलाओं को कुचल दिया।
साहेबगंज के थाना प्रभारी दिनेश कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि इस घटना में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि अन्य 10 महिलाएं घायल हैं। सभी घायलों को श्रीकृष्ण मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया है।
इधर, दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। जिला प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ और कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 23 हजार रुपये दिए जाने के बाद ग्रामीण सड़क से हटे।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद से बोलेरो चालक फरार है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath