बिहार : पूर्व सरपंच सहित दो लोगों की संदिग्ध मौत

गोपालगंज, 13 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के गोपालगंज जिले के नगर क्षेत्र से मंगलवार को पूर्व सरपंच सहित दो लोगों के शव मिले हैं। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग सं.-28 के साधु चौक के पास उन्होंने दो शव बरामद किए। मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के सरेया वार्ड नंबर दो निवासी अजय पटेल और सहलादपुर पंचायत के पूर्व सरपंच वीरेंद्र यादव के रूप में की गई।

गोपालगंज नगर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अजय कुमार पटेल पिछले दिनों हुई टी़ पी़ सिंह की हत्या के मामले में गवाह था। गत दिसम्बर में साधु चौक के पास ही टी.पी. सिंह की हत्या कर दी गई थी।

मृतकों के परिजन दोनों लोगों की हत्या की आशंका जता रहे हैं।

थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जांच के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493