हाजीपुर, 27 जून (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले में गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के साहपुर गांव में कथित तौर पर पोलियो रोधी दवा की खुराक दिए जाने के बाद एक बच्चे की मौत हो गई तथा छह अन्य बीमार हो गए। प्रशासन ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि ‘पोलियो ड्रॉप’ पीने के बाद ही गांव के सात बच्चे बीमारी हो गए, जिनमें से एक की अस्पताल में उपचार के दौरान जान चली गई।
वैशाली जिले के सिविल सर्जन डॉ़ रामाशीष प्रसाद ने शनिवार को बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है, अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
उन्होंने कहा, “किसी भी ड्रॉप के पीने या टीकाकरण के कारण अभी तक कहीं से इस तरह की घटना सामने नहीं आई है। टीकाकरण जिले के अन्य स्थानों पर भी किया गया है। मामले की जांच के लिए चिकित्सकों का एक दल गांव भी भेजा गया है।”
इधर, मृतक बच्चे के पिता शेषनाथ यादव का आरोप है कि ‘पोलियो ड्रॉप’ पीने के बाद ही गांव के सात बच्चों की तबियत बिगड़ी। बच्चों को पहले बुखार हुआ और फिर वे उल्टी करने लगे। सभी बच्चों को शनिवार सुबह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके बच्चे की मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि साहपुर में शुक्रवार को आंगनबाड़ी केन्द्र पर सेविकाओं ने बच्चों को ‘पोलियो ड्रॉप’ पिलाया था।
dharmpath.com dharmpath