हाजीपुर, 3 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली बिहार के वैशाली जिले में होने वाली है, लेकिन जिले के किसान कच्ची फसल काटकर खेत खाली करने को राजी नहींहैं। जिला प्रशासन किसानों को समझाने-बुझाने की कोशिश में लगा है।
प्रधानमंत्री मोदी 12 मार्च को बिहार आने वाले हैं। वह पटना उच्च न्यायालय के शताब्दी वर्ष समापन समारोह में भाग लेने के बाद वैशाली जिले के हाजीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
हाजीपुर औद्योगिक थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर में खेतों को खाली कराकर कार्यक्रम स्थल बनाए जाने का किसान विरोध कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि वे प्रधानमंत्री के लिए अपनी कच्ची फसल नहीं काट सकते, चाहे इसके लिए उन्हें कितना भी मुआवजा क्यों न दिया जाए।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने जिस स्थल का चयन किया है, वहां करीब 30-40 किसानों के खेत हैं। इन खेतों में अभी गेहूं की फसल लगी है, जो अधपकी है।
एक किसान ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर कहा, “हमलोग किसी भी कीमत पर कच्ची फसल नहीं काटने देंगे। सरकार पांच गुना मुआवजा देगी, तब भी हम इसके लिए राजी नहीं होंगे।”
गुरुवार को कई अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे, जिन्हें किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। अधिकारी किसानों से फसल की कीमत लेकर खेत खाली करने का अनुरोध कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री 12 मार्च को हाजीपुर में ही दीघा-सोनपुर पुल राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा वह कई और योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करने वाले हैं।
dharmpath.com dharmpath