बिहार : प्रधानाध्यापक पर अश्लीलता का आरोप, ग्रामीणों ने पीटा

नवादा, 18 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक स्कूल के प्रधानाध्यपक पर छात्राओं ने अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया और जमकर बवाल काटा। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी प्रधानाध्यापक की पिटाई की।

पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, शहर के प्रसाद बिगहा राजकीय कन्या मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक मथुरा प्रसाद ने गुरुवार को एक छात्रा को कार्यालय में बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत की थी। छात्रा ने यह बात अपने परिजनों को बताई।

आक्रोशित परिजन शुक्रवार को स्कूल पहुंचे और प्रधानाध्यापक से पूछताछ कर रहे थे, तभी छात्राओं ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान प्रधानाध्यापक कार्यालय में तोड़फोड़ की गई। इसी दौरान ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक की पिटाई भी कर डाली।

छात्राओं का आरोप है कि प्रधानाध्यापक अक्सर छात्राओं को कार्यालय में बुलाकर अश्लील हरकत किया करते हैं।

नवादा नगर थाना के प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की पिटाई से घायल प्रधानाध्यापक को हिरासत में लेकर सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493