बिहार : बकाया मजदूरी मांगने के बदले मिली मौत

छपरा, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के सारण जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को मजदूरी का बकाया पैसा मांगना इतना महंगा पड़ा कि उसे पीट-पीटकर मार डाला गया।

पुलिस के अनुसार, पंडितपुर गांव निवासी जलेश्वर राम (60) अपने पड़ोसी सुरेश राम के घर सोमवार शाम अपनी बकाया मजदूरी का पैसा मांगने गया था। आरोप है कि सुरेश राम और उसके परिजनों ने जलेश्वर को पैसा नहीं दिया और उसकी लाठी-डंडे से पिटाई कर दी।

इसके बाद घायल अवस्था में जलेश्वर को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई।

जनता बाजार के थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने कहा कि मृतक की पत्नी भागीरथी देवी के बयान पर हत्या की एक प्राथमिकी जनता बाजार थाने में दर्ज कर ली गई है, जिसमें सुरेश राम, उसके भाई सुरेंद्र राम सहित पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

उन्होंने कहा, “घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493