बिहार : मध्याह्न् भोजन से 40 बच्चे बीमार

आरा, 23 जून (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में मंगलवार को मध्याह्न् भोजन खाने से कम से कम 40 बच्चे बीमार हो गए। सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, कौरी मठिया गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मध्याह्न् भोजन खाने से विद्यालय के करीब 40 बच्चों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की। इसकी सूचना जैसे ही ग्रामीणों को मिली, ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और छात्रों को अस्पताल पहुंचाया गया।

जगदीशपुर के पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी बीमार बच्चों को स्थानीय रेफरल अस्पताल में और आरा के सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि खाने में दी गई सामग्री को सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ‘फूड पॉइजनिंग’ का लग रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हालचाल जाना।

उल्लेखनीय है कि गत शुक्रवार को खगड़िया जिले के अगुआनी डुमरिया गांव स्थित मध्य विद्यालय में मध्याह्न् भोजन खाने से 15 बच्चे बीमार हो गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493