बिहार : महागठबंधन की रैली रविवार को, सोनिया भी बोलेंगी

पटना, 29 अगस्त (आईएएनएस)। विधानसभा चुनाव वाले राज्य बिहार की राजधानी के गांधी मैदान में रविवार को सत्तारूढ़ पार्टी वाले महागठबंधन की ‘स्वाभिमान रैली’ को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी संबोधित करेंगी। इस रैली में हालांकि समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव के आने की संभावना नहीं है।

कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने शनिवार को बताया कि सोनिया गांधी दिल्ली से पटना दोपहर करीब 12़ 30 बजे पहुंचेंगी और रैली में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

गौरतलब है कि पार्टी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल बोरा, बिहार कांग्रेस प्रभारी सी.पी. जोशी और कनिष्क सिंह गुरुवार को पटना पहुंचे थे और राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मुलाकात कर करीब आधे घंटे तक बातचीत की थी।

इस बीच सपा के एक नेता ने बताया कि स्वाभिमान रैली में मुलायम सिंह यादव शामिल नहीं हो रहे हैं।

अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जनता दल (युनाइटेड) व कांग्रेस का महागठबंधन चुनाव मैदान में होगा, जिसका सामना केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को करना है।

सोनिया रविवार को पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मंच साझा करेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493