पटना, 1 मई (आईएएनएस)। नेपाल में भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक महीने का वेतन दान दिया। इसके साथ ही मंत्रियों, विधायकों और संस्थाओं की तरफ से मुख्यमंत्री राहत कोष में दान दिए जाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और विधान पार्षद रामचंद्र भारती ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए दो लाख रुपये का चेक सौंपा, जबकि जनता दल (युनाइटेड) के विधान पार्षद विनोद सिंह ने अपने एक महीने का वेतन कोष में दान दिया।
खाद्य आपूर्ति मंत्री श्याम रजक ने भी एक माह का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराया है।
इधर, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 1़50 करोड़ का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा, जबकि आईपीएस वाइएस एसोसिएशन की ओर से 50 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराए गए हैं। डॉ़ डी़ वाई. पाटिल पुष्पलता पाटिल इंटरनेशनल स्कूल की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में दो लाख रुपये जमा कराए गए हैं।
इस बीच बिहार विद्युत बोर्ड पेंशनर समाज ने प्रधानमंत्री के नेपाल राहत कोष में पेंशनरों के एक दिन की पेंशन राशि देने की घोषणा की है। पेंशनर समाज के महासचिव बी़ एल़ यादव ने कहा कि राशि जल्द ही भेज दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को मुख्यमंत्री ने नेपाल में भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आगे आने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष में दान देने का आह्वान किया था।
dharmpath.com dharmpath