पटना, 9 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने यहां बुधवार को घोषणा की कि अगले साल से बिहार के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ‘पृथ्वी दिवस’ का आयोजन होगा, जिससे पर्यावरण सुरक्षा को लेकर लोगों को खासकर बच्चों को जागरूक किया जा सके।
पटना के ज्ञान भवन में ‘बिहार पृथ्वी दिवस 2017’ के मौके पर आयोजित एक समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज से 75 वर्ष पहले नौ अगस्त को गांधी जी ने ‘अंग्रेजो भारत छोड़ो’ का नारा दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज स्वच्छ भारत, भ्रष्टाचार मुक्त भारत का नारा दिया है।
उन्होंने कहा, “गांधी जी ने कहा था कि पृथ्वी, वायु, जल और जमीन हमें विरासत में नहीं, बल्कि कर्ज के रूप में मिली है, जिसे हमें वापस करना है। पृथ्वी को हमने मां के रूप में स्वीकार किया है। पौधा लगाना और एक मां की तरह उसकी रक्षा करना हम सब का दायित्व है।”
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज की आवश्यकता बन गई है। पौधे लगाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि हम सभी अधिक-से-अधिक पौधे लगाएं और उनकी रक्षा करें।
भाजपा नेता ने कहा कि अधिक से अधिक साइकिल का प्रयोग कर भी पर्यावरण को संतुलित करने में मदद मिल सकती है। मोदी ने कहा कि अमेरिका जैसे देश में बड़ी संख्या में लोग साइकिल चलाते हैं और पैदल ऑफिस जाते हैं।
शिक्षा मंत्री कृष्णनंद वर्मा, पर्यावरणविद् डॉ.़ ज्योति क़े पारिख ने भी पर्यावरण को लेकर अपने विचार रखे। इस मौके पर पर्यावरणविद् एम़ एस़ एस. स्वामीनाथन का वीडियो संदेश भी उपस्थित लोगों को सुनाया गया।
dharmpath.com dharmpath