गया, 21 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले के तिलैया गांव से पुलिस ने 50,000 रुपये की इनामी नक्सली पूनम देवी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली पर एक वन प्रमंडल पदाधिकारी की हत्या में शामिल होने का आरोप है।
गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की देर शाम पूनम देवी को तिलैया गांव से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पूनम के संबंध में एक केंद्रीय एजेंसी से सूचना मिली थी, जिसके तत्काल बाद कार्रवाई करते हुए पूनम को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार नक्सली पर 50 हजार रुपये का इनाम है।
उल्लेखनीय है कि पूनम पर वर्ष 2002 में रोहतास जिले के वन प्रमंडल पदाधिकारी संजय सिंह की हत्या में शामिल होने का आरोप है। गिरफ्तार नक्सली से पुलिस पूछताछ कर रही है।
dharmpath.com dharmpath